
देवीचरण ठाकुर गरियाबंद
गरियाबंद, धमतरी और नुआपाड़ा डिवीजन से इस समय नक्सल मोर्चे पर बड़ी खबर सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार, उदंती एरिया कमेटी में सक्रिय सभी 7 नक्सली आत्मसमर्पण के लिए जंगल से बाहर निकल गए हैं।
समर्पण करने वालों में प्रमुख नाम उदंती एरिया कमांडर सुनील और सचिव एरिना का है, जिन पर प्रत्येक पर 8-8 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
इन्हीं के साथ कमेटी मेंबर लुद्रों, विद्या, नंदिनी और मलेश भी आत्मसमर्पण के लिए निकले हैं — इन चारों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित है।
इसके अलावा 1 लाख इनामी नक्सली कांती भी सरेंडर करने वालों में शामिल है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ये सभी नक्सली अपने साथ 1 एसएलआर, 3 इंसास रायफल और एक सिंगल शॉट हथियार लेकर आत्मसमर्पण के लिए आगे बढ़े हैं।
सुरक्षा एजेंसियों की सघन कार्रवाई और बढ़ते दबाव के कारण इन नक्सलियों ने मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है।
बताया जा रहा है कि इनका औपचारिक आत्मसमर्पण गरियाबंद जिला मुख्यालय या मैनपुर कैंप में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कराया जा सकता है।
यह कदम नक्सली संगठन के लिए एक बड़ा झटका साबित होगा, क्योंकि उदंती एरिया कमेटी लंबे समय से इस डिवीजन में नक्सल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रही है।
गरियाबंद पुलिस और सुरक्षा बलों के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में शांति स्थापना और नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक और मजबूत कदम उठाया गया है।



