रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
धनतेरस की सुबह बकरी खरीदने निकले लख्खू चिकवा की दो युवकों और एक नाबालिग ने की हत्या, शव को नाले के पास मिट्टी में दफनाया; लूट की रकम आपस में बांटी, पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ा
रीवा। धनतेरस की सुबह घर से बकरी खरीदने निकले 60 वर्षीय व्यापारी लख्खू चिकवा को क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। महज 18 हजार रुपये के लालच में दो युवकों और एक नाबालिग ने मिलकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को बौलिया घाट के जंगल में नाले के पास दफना दिया और लुना गाड़ी झाड़ियों में छिपा दी। लूटे गए रुपये आपस में बांटकर आरोपी बेफिक्र हो गए, लेकिन अतरैला पुलिस ने करीब 12 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
बकरी खरीदने निकले थे, शाम को घर पहुंची मौत की खबर
अतरैला थाना क्षेत्र के चौखण्डी गांव निवासी लख्खू चिकवा (60) बकरी खरीदने-बेचने का कारोबार करते थे। 6 नवंबर को धनतेरस की सुबह करीब 7 बजे वह अपनी लुना गाड़ी से 18 हजार रुपये लेकर कुरैली की ओर निकले थे। शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। मोबाइल बंद मिलने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआत में गुमशुदगी का मामला समझी जा रही घटना ने कुछ ही घंटों में हत्या का रूप ले लिया।
झाड़ियों में मिली लुना, कुछ दूरी पर मिट्टी में दबा था शव
तलाश के दौरान पुलिस को ग्राम कुरैली में बरसाती त्रिपाठी की पहाड़ी जमीन पर झाड़ियों के बीच लख्खू की लुना गाड़ी मिली। आसपास जांच करने पर नाले के पास मिट्टी की नई परत दिखाई दी। संदेह गहराने पर एफएसएल और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। परिजनों की मौजूदगी में मिट्टी हटाई गई तो नीचे लख्खू चिकवा का शव बरामद हुआ। शव की पहचान होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
18 हजार के लालच में हत्या, शव दफनाकर छिपाए सबूत
पुलिस ने संदेह के आधार पर बुद्धसेन कोल और प्रभुनाथ कोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने एक विधि विरुद्ध बालक के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों ने रुपये छीनने के उद्देश्य से व्यापारी का गला घोंटकर हत्या की और शव को नाले के पास गड्ढे में दफना दिया। इसके बाद लुना गाड़ी झाड़ियों में छिपा दी और मृतक के पास रखे 18 हजार रुपये आपस में बांट लिए। आरोपियों ने व्यापारी का मोबाइल भी अपने पास रख लिया था।
12,600 रुपये, मोबाइल और लुना जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक की लुना गाड़ी, 12 हजार 600 रुपये और नीले रंग का नोकिया कीपैड मोबाइल बरामद किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 के तहत कार्रवाई की गई। दोनों बालिग आरोपियों और विधि विरुद्ध बालक को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
शव मिलने पर भड़का आक्रोश, तीन घंटे चक्काजाम
लख्खू चिकवा का शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। अकेला बाजार में ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। डभौरा, सिरमौर और रामबाग मार्ग पर करीब तीन घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारी वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर तहसीलदार और एसडीओपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
एसपी के निर्देशन में गठित हुईं पुलिस टीमें
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा एवं एसडीओपी डभौरा नारायण सिंह कुम्हरे के मार्गदर्शन में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। थाना प्रभारी अतरैला विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
मुख्य भूमिका-*थाना प्रभारी उ.नि. विजय सिंह, सउनि रामनिवास बागरी, सउनि विनोद चतुर्वेदी, सउनि महेन्द्र सिंह, प्र.आर. 859 रामदरश पटेल, प्र.आर. 298 सुनील कुमार, आर. 586 के.पी. सिंह, आर.116 रमेश मौर्य, आर. 356 बजेश संकेत, आर. 755 सुनील कुशवाहा, आर. 1174 नीरज सिंह, आर. 735 बजेश अहिरवार महिला आर.766 दुर्गा सिंह एवं सैनिक 97 राजेन्द्र सिंह, सैनिक 435 कृष्णागोविंद सिंह, सैनिक 40 पुष्पेन्द्र पाठक, सैनिक 441 रामकरण तिवारी, सैनिक 232 मुकुटधर पाठक.. कार्रवाई में अतरैला पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सवाल छोड़ गई 18 हजार की लालच
धनतेरस की सुबह जिस घर में त्योहार की खुशियां होनी थीं, वहां अब मातम है। एक बुजुर्ग व्यापारी रोजी-रोटी के सिलसिले में घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। महज 18 हजार रुपये के लिए हुई इस हत्या ने तराई अंचल को झकझोर दिया। पुलिस ने 12 घंटे में मामले का खुलासा कर दिया, लेकिन पीछे छूट गया एक परिवार, जिसकी दीपावली हमेशा के लिए दर्दनाक याद में बदल गई।
