रायपुर। रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ ठगी के 2 नए मामले दर्ज हुए हैं। इस बार जमीन, रेस्टोरेंट और लग्जरी कार बेचने के नाम पर 56 लाख रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
दोनों शिकायतें शंकर नगर के रहने वाले बीयर कारोबारी आशीष जायसवाल ने तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई हैं। पुलिस ने दोनों शिकायतों पर अलग-अलग FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि दंपती के खिलाफ एक हफ्ते में कुल 4 FIR दर्ज हो चुकी हैं।
शिकायत के मुताबिक, एक मामले में 16,500 वर्गफीट जमीन और उस पर संचालित एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने का सौदा किया गया था। इसके लिए 36 लाख रुपए से ज्यादा लिए गए, लेकिन बाद में पता चला कि जमीन दीपक टंडन के नाम पर नहीं है।
वहीं, दूसरे मामले में 2023 मॉडल की फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपए लेने का आरोप है। भुगतान के बाद भी कारोबारी को न तो कार मिली और न ही रकम वापस की गई।
जमीन और रेस्टोरेंट के सौदे में 36 लाख रुपए दिए
आशीष जायसवाल ने शिकायत में बताया कि दीपक और बरखा टंडन ने उन्हें 16,500 वर्गफीट जमीन और उस पर संचालित एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने का प्रस्ताव दिया था।
सौदा 1.16 करोड़ रुपए में तय हुआ था। इस पर भरोसा कर उन्होंने ऑनलाइन और कैश मिलाकर कुल 36 लाख 16 रुपए का भुगतान किया।
बाद में आशीष को पता चला कि जिस जमीन को बेचने का सौदा किया गया था, उसका मालिकाना हक दीपक टंडन के पास नहीं है। उन्होंने जब अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोप है कि दंपती ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में SC-ST एक्ट के तहत झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
फॉर्च्यूनर के नाम पर 20 लाख लिए, कार नहीं दी
दूसरी शिकायत में आशीष ने बताया कि 19 अगस्त 2025 को दीपक टंडन ने उन्हें 2023 मॉडल की फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने का प्रस्ताव दिया था। इसकी कीमत 20 लाख रुपए तय हुई थी। भरोसा दिलाने के लिए लक्ष्मी मोटर्स की डिलीवरी रसीद भी दिखाई गई।
आशीष के मुताबिक, उन्होंने 20 लाख रुपए कैश दिए और स्टांप पेपर पर एग्रीमेंट भी कराया। दीपक ने कार की सर्विसिंग के बाद उसे घर पहुंचाने की बात कही थी।
लेकिन न तो कार दी गई और न ही रकम लौटाई गई। बाद में जांच करने पर पता चला कि कार भी दीपक टंडन के नाम पर नहीं थी।
होटल की संपत्ति पर कब्जे के आरोप में पहले भी FIR
इससे पहले आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज हुई थी।
इसमें VIP रोड स्थित होटल की संपत्ति पर जबरन कब्जा करने, ताला तोड़ने, सरकारी सील हटाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए थे।
अब जमीन और कार के सौदे से जुड़े दो नए मामले दर्ज होने के बाद दंपती के खिलाफ तेलीबांधा थाने में कुल तीन FIR हो चुकी हैं। पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है।
