नवा रायपुर : पी.एम. श्री केंद्रीय विद्यालय, नया रायपुर में दिनांक 28 और 29 अगस्त 2025 को दो दिवसीय 36वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन किया गया। यह प्रतियोगिता विद्यालय के छात्रों में संसदीय प्रक्रियाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. विनय जायसवाल, पूर्व विधायक मनेंद्रगढ, ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर केन्द्रीय विद्यालय संगठन, रायपुर संभाग के सहायक आयुक्त श्री रवींद्र कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन संसदीय प्रक्रिया को समझने में तथा भविष्य के नेताओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्राचार्य श्रीमती अर्चना मर्सकोले ने बताया कि इस प्रतियोगिता में रायपुर संभाग के आठ चयनित केंद्रीय विद्यालयों के 418 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं, जिन्होंने मंत्रियों, विपक्षी नेताओं और सदन के अन्य सदस्यों की भूमिका बखूबी निभाई। कार्यक्रम का संचालन श्री पी.डी. नायक एवं सुश्री अरित्रा सरकार ने किया।
इस प्रतियोगिता में छात्रों ने वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों जैसे, महिला आरक्षण, शिक्षा नीति, रोजगार, और पर्यावरण संरक्षण पर बहस की एवं विधेयक पारित किए। उन्होंने प्रश्नकाल, शून्यकाल, और विधेयकों पर चर्चा जैसी संसदीय प्रक्रियाओं का सजीव प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने न केवल प्रभावशाली भाषण दिए, बल्कि संसदीय मर्यादा और नियमों का भी पालन किया।
प्रतियोगिता का समापन 29 अगस्त 2025 को होगा, जहां विजेता टीमों और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। विजेता विद्यालय को 25 एवं 26 नवम्बर को होनेवाले राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रायपुर संभाग की ओर से प्रतिभागी बनने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन छात्रों को लोकतंत्र के प्रति जागरूक करने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
