बाइक भिड़ंत में 3 युवकों की मौत, ट्रक ने महिला को कुचला

3 youths killed in bike collision; truck runs over woman.

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट में तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद तीनों सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में आई गंभीर चोट उनकी मौत का कारण बनी। वहीं, अंबिकापुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर ट्रक की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।

उपचार के दौरान दम तोड़ दिया

पुलिस के अनुसार, नर्मदापुर-बिजलहवा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात यह हादसा हुआ। चोरकीडीह रघुनाथपुर निवासी अर्जुन विश्वकर्मा (25) अपनी मोटरसाइकिल से ससुराल नर्मदापुर जा रहा था। दूसरी मोटरसाइकिल पर कोट वंदना, सीतापुर निवासी गुड्डू मांझी (22) और विफल कुमार माझी (21) मैनपाट घूमकर लौट रहे थे। मोड़ पर दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में अर्जुन विश्वकर्मा और गुड्डू मांझी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विफल कुमार माझी ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश

दूसरे हादसे में अंबिकापुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सेदम बाजार के पास देवरी निवासी रीता एक्का (48) अपने पति सुखन एक्का के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रीता एक्का की मौके पर मौत हो गई, जबकि सुखन एक्का गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश की जा रही है।

गति सीमा का पालन करने की अपील

पुलिस ने बताया कि मैनपाट हादसे में तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। सड़क पर गिरने से सिर में गंभीर चोट आई, जो उनकी मौत का कारण बनी। लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई है।

Exit mobile version