शराब के लिए पैसे देने से मना करने पर युवक से मारपीट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। युवक से मारपीट करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर मारपीट में प्रयुक्त बांस के डंडे को जब्त कर लिया है। दरअसल इन आरोपियों ने शराब के लिए पैसे की मांग की थी, नहीं देने पर युवक की डंडे से मारपीट कर वारदात को अंजाम दिया था।
मिली जानकारी के अनुसार चपरासी कालोनी पंडरी निवासी साहिल कुरैशी ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमे बताया कि विद्या हास्पिटल के बाजू डेलीनीड्स के दुकान में 24 मई को अपने भाई इखलाक कुरैशी के साथ था। इस दौरान गांधी नगर गोरखा कालोनी के सुदर्शन छुरा उर्फ विक्की, खड़ा राजू एवं अन्य दोस्त ने शराब पीने के लिए पैसा की मांग की। पैसे देने पर मना करने पर सुदर्शन उर्फ विक्की छुरा एवं अन्य दोस्त ने गंदी गंदी गालिया देकर जान से मारने की धमकी देते हुए बांस के डण्डे से मारपीट की। रिपोर्ट पर थाना सिविल लाईन रायपुर में अपराध क्रमांक 260/23 धारा 294,323,506,327,34 भादवि. पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।
जांच में थाना सिविल लाईन पुलिस की टीम ने मुखबीर के सूचना के आधार पर आरोपी सुदर्शन उर्फ विक्की छुरा, रोहित बघेल एवं नरेन्द्र महानंद को गोरखा कालोनी, पंडरी रायपुर से घेराबंदी कर पकड़ लिया, आरोपियों से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने मारपीट करना स्वीकार कर लिया।

