बिना टिकट सफर करते मिले 207 यात्री

207 passengers found travelling without tickets

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने 26 नवंबर को भाटापारा स्टेशन पर किलाबंदी और रायपुर स्टेशन पर नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दोनों स्टेशनों के सभी प्लेटफॉर्म और 16 ट्रेनों में जांच की गई। अभियान में कुल 325 मामले पकड़े गए। रेलवे को इनसे 2 लाख 92 हजार 40 रुपए का राजस्व मिला।

अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 207 यात्रियों से 2 लाख 14 हजार 635 रुपए वसूले गए। वहीं, अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले 102 यात्रियों से 74 हजार 800 रुपए का जुर्माना लिया गया। इसके अलावा अधिक सामान लेकर यात्रा करने वाले 15 यात्रियों से 2 हजार 170 रुपए और एक अन्य मामले में 435 रुपए वसूले गए।

20 टिकट चेकिंग कर्मचारी रहे शामिल

यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर चलाया गया। इसमें सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजेश कुमार साह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक और टिकट चेकिंग के 20 कर्मचारी शामिल रहे। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को बिना टिकट यात्रा नहीं करने और उचित टिकट लेकर सफर करने के लिए जागरूक करना था।

प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले टिकट लेना जरूरी

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि, ट्रेन में सफर करने के लिए उचित टिकट लें और सही कोच में बैठें। रेलवे परिसर में प्रवेश करने से पहले प्लेटफॉर्म टिकट जरूर खरीदें। साथ ही स्टेशन और ट्रेनों को साफ रखने में सहयोग करें। मंडल के वाणिज्य विभाग की ओर से समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं।

Exit mobile version