रायपुर। पुरानी रंजिश को लेकर जान लेवा हमला करने वाले 2 फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। दरअसल थाना मौदहापारा क्षेत्रांतर्गत स्थित रजबंधा मैदान पास आरोपियों-आपचारियों ने पुत्र तथा पति पर जानलेवा हमला किया था । इसके बाद मौके से फरार हो गए थे।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया सुल्ताना बेगम ने रजबंधा मैदान पास पुत्र और पति पर जानलेवा हमला करने की थाना मौदहापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई।जिस पर आरोपियों के विरूद्ध थाना मौदहापाराम में अपराध क्रमांक 165/23 धारा 147, 148, 149, 294, 307, 323, 427, 457, 506 भादवि. 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा पूर्व में प्रकरण में संलिप्त 05 आरोपी एवं विधि के साथ संघर्षरत 02 बालक सहित कुल 07 को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, तलवार एवं अन्य आलाजरब जप्त किया जा चुका है। प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपी मोह. अशफाक एवं शेख अरबाज घटना के बाद से लगातार फरार जिनकी टीम के सदस्यों द्वारा पतासाजी की जा रही थी। टीम के सदस्यों द्वारा लगातार उनके छिपने के हर संभावित ठिकानों में रेड कार्यवाही करते हुए प्रकरण में संलिप्त आरोपी मोह. अशफाक एवं शेख अरबाज को गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध कार्यवाही किया गया है।
