मध्यप्रदेश

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती गौरव दिवस के रूप में मनाई गई

150th birth anniversary of Bhagwan Birsa Munda celebrated as Gaurav Diwas

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

प्रधानमंत्री ने गुजरात से वर्चुअली किया संबोधित

देश के सम्मान के लिए आदिवासी समाज सबसे आगे – उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल

कोल सामुदायिक भवन का लोकार्पण

रीवा। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को जिले भर में गौरव दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात से वर्चुअली कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज भारत की चेतना का अभिन्न हिस्सा है। आजादी की लड़ाई में आदिवासी वीरों के योगदान को सदैव स्मरण रखा जाएगा।

कोल भवन परिसर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि देश के सम्मान और स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समाज ने सदैव महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भगवान बिरसा मुंडा को धरती का भगवान बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके पराक्रम, त्याग और नेतृत्व से आने वाली पीढ़ियाँ प्रेरणा लेती रहेंगी। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में आदिवासी समाज का योगदान अतुलनीय है। प्रधानमंत्री द्वारा जनजातीय परिवारों को आवास एवं भूमि अधिकार देने के संकल्प को प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कोल समाज के लिए निर्मित 93.49 लाख रुपए की लागत से बने कोल सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने जनजातीय देवी-देवताओं का पूजन किया तथा धर्मगुरुओं का सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल ने कहा कि कोल समाज को मिली इस सौगात को लोग हमेशा याद रखेंगे। विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि आदिवासी संस्कृति ही भारतीय संस्कृति की मूल पहचान है। वहीं विधायक व्यौहारी शरद कोल ने कहा कि बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों ने संघर्ष के बल पर अपनी अस्मिता और स्वाभिमान को बनाए रखा।

गौरव रथयात्रा का भी समापन जिला स्तरीय कार्यक्रम में किया गया। ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत निर्मित आवासों के लाभार्थियों को गृह प्रवेश स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए तथा विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के लाभ वितरित किए गए।

कार्यक्रम में कमिश्नर बी.एस. जामोद, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पांडेय, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे। अंत में जिला संयोजक कमलेश्वर सिंह ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button