• प्रतिष्ठित ‘यंग साइंटिस्ट इंडिया’ (YSI Edition 12) के ग्रैंड फिनाले में देश के शीर्ष 98 बाल-वैज्ञानिकों में छत्तीसगढ़ के अकेले स्कूल से 12 विद्यार्थियों ने लहराया परचम
डी ए वी जांता से अब तक कुल 46 छात्र बन चुके हैं देश के युवा वैज्ञानिक (‘सुपर-46’ रिकॉर्ड)
बेमेतरा:- डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जांता बेमेतरा के होनहार विद्यार्थियों ने प्राचार्य पी.एल. जायसवाल के विशेष मार्गदर्शन, दूरदर्शी सोच और अथक प्रयासों से रक्षा अनुसंधान, अंतरिक्ष और नवाचार विज्ञान के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। प्राचार्य जायसवाल की उच्च स्तरीय वैज्ञानिक सोच और निरंतर प्रोत्साहन का ही परिणाम है कि ग्रामीण अंचल के इन विद्यार्थियों ने मिसाइल मैन डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की स्मृति में आयोजित देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ‘यंग साइंटिस्ट इंडिया’ (YSI Edition 12) की राष्ट्रीय सूची में एक साथ स्थान बनाकर पूरे छत्तीसगढ़ राज्य को गौरवान्वित किया है। इस सूची में विद्यालय के कुल 12 विद्यार्थी (जिसमें 4 छात्राएं शामिल हैं) चयनित हुए।
यह सफलता इसलिए असाधारण है क्योंकि इस राष्ट्रीय स्पर्धा में कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक के लगभग पांच हजार प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने अपने नवाचारी वैज्ञानिक प्रोजेक्ट्स के साथ पंजीकरण कराया था। कड़े तकनीकी परीक्षणों और मूल्यांकन के बाद देश भर से केवल 98 सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों को ग्रैंड फिनाले के लिए चुना गया, जिनमें से अकेले 12 बाल-वैज्ञानिक डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, जांता के हैं।
*गगनयान अंतरिक्ष यात्री और रूसी विशेषज्ञों की मौजूदगी में हुआ भव्य सम्मान:-*
चयनित सभी 12 बाल-वैज्ञानिकों ने विगत 21 एवं 22 नवंबर को वर्ल्ड यूनिवर्सिटी सर्विस सेंटर, चेन्नई में आयोजित ग्रैंड फिनाले के महामंच पर अपने वैज्ञानिक मॉडल्स का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय वायु सेना के टेस्ट पायलट एवं गगनयान मिशन के अंतरिक्ष यात्री-नामित ग्रुप कैप्टन अंगद प्रताप के कर-कमलों से इन सभी होनहार बच्चों को ‘युवा वैज्ञानिक’ की उपाधि से विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मंच पर रूस से आए विशिष्ट अतिथियों और वक्ताओं ने भी बच्चों के मॉडल्स की सराहना की, जिनमें रशियन एकेडमी ऑफ साइंसेज के स्पेस रिसर्च इंस्टीट्यूट की इंजीनियर एवं अंतरिक्ष भौतिकी विशेषज्ञ ओल्गा चेर्नेंको तथा लोमोनोसोव मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी, रूस के वर्चुअल रियलिटी सेंटर के विशेषज्ञ मैक्सिम मिरोनेंको विशेष रूप से शामिल थे।
कार्यक्रम का आयोजन ‘स्पेस किड्ज़ इंडिया’ की संस्थापक एवं सीईओ डॉ. श्रीमती केसन के नेतृत्व में हुआ, जिन्होंने स्वागत उद्बोधन देते हुए बच्चों के वैज्ञानिक नवाचारों का उत्साहवर्धन किया। इन विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के शिक्षक अजय सेन एवं शिक्षिका भारती बंजारे मार्गदर्शन हेतु चेन्नई तक उपस्थित रहे।
*डीएवी जांता का अनोखा रिकॉर्ड: युवा वैज्ञानिकों का ‘सुपर-46’*
प्राचार्य पी.एल. जायसवाल के कुशल नेतृत्व में डीएवी जांता स्कूल ने विज्ञान के क्षेत्र में एक ऐसा अनूठा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसे तोड़ पाना किसी भी संस्थान के लिए बड़ी चुनौती होगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अब तक विद्यालय के 34 विद्यार्थी पूर्व में ‘युवा वैज्ञानिक’ बनकर पीएमओ (PMO) अवार्ड से सम्मानित हो चुके हैं। अब इन 34 विजेताओं के कारवां में 12 नए बाल-वैज्ञानिकों का नाम जुड़ जाने से विद्यालय की कुल राष्ट्रीय वैज्ञानिक उपलब्धि का आंकड़ा 46 पर पहुंच गया है।
*सम्मानित होने वाले 12 बाल-वैज्ञानिक एवं उनके नवाचारी प्रोजेक्ट्स (मॉडल थीम):*
1. दुलौरिन साहू: अर्बन फ्लड कंट्रोल सिस्टम (शहरी बाढ़ नियंत्रण प्रणाली)
2. योगेश चंद्राकर: ऑटोनॉमस ट्रैक्टर – इम्प्लीमेंट गाइडेंस एंड ऑटोमैटिक हिचिंग सिस्टम (स्वायत्त ट्रैक्टर – उपकरण मार्गदर्शन एवं स्वचालित हिचिंग प्रणाली)
3. मोक्ष साहू: सोलर पावर्ड स्मार्ट – पीएलएमएस (सौर ऊर्जा चालित स्मार्ट पावर लाइन मॉनिटरिंग सिस्टम)
4. नमन साहू: सेल्फ-हीलिंग रोड मशीन (स्व-मरम्मत करने वाली सड़क मशीन)
5. नम्रता पटेल: स्पीकिंग स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक (दृष्टिबाधितों के लिए बोलने वाली स्मार्ट छड़ी)
6. निखिल निर्मलकर: स्मार्ट सोलर सॉइल हेल्थ मॉनिटर (स्मार्ट सौर मृदा स्वास्थ्य मॉनिटर)
7. पीहू जायसवाल: स्मार्ट मेंस्ट्रुअल हाइजीन एंड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम (स्मार्ट मासिक धर्म स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली)
8. त्रयंक साहू: एआई पावर्ड स्मार्ट वेस्ट सेग्रीगेशन (कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित स्मार्ट कचरा पृथक्करण प्रणाली)
9. सत्यम चंद्राकर: एडुबैंड ( शैक्षिक स्मार्ट बैंड)
10. आदित्य पटेल स्मार्ट सौर ऊर्जा संचालित स्वचालित नाली सफाई एवं जल निस्पंदन प्रणाली
11. आंचल साहू कम लागत वाली बहु-स्तरीय जल शुद्धिकरण प्रणाली
12.चेतन किरहिबोइर स्मार्ट एलपीजी गैस रिसाव पहचान प्रणाली एवं स्वचालित गैस बंद करने वाला रेगुलेटर
*प्राचार्य पी.एल. जायसवाल का संदेश*
इस अभूपूर्व राष्ट्रीय सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य पी.एल. जायसवाल ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “यह हमारे डीएवी स्कूल, बेमेतरा जिले और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक अविस्मरणीय और परम गौरव का क्षण है। देश के 5,000 बच्चों में से हमारे 12 विद्यार्थियों का शीर्ष 98 में स्थान बनाना और गगनयान अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन अंगद प्रताप तथा रूसी अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के समक्ष अपने नवाचारी मॉडल्स प्रस्तुत कर सम्मानित होना यह साबित करता है कि ग्रामीण अंचल की माटी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही दिशा और मंच देने की आवश्यकता है।”
प्राचार्य जायसवाल ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय बच्चों की अटूट लगन, विद्यालय के शिक्षक मंडल के कुशल मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग को देते हुए सभी विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस गौरवशाली समाचार से पूरे बेमेतरा जिले में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
