जिला संवाददाता मुंगेली
माखनसिंह
लोकेशन मुंगेली
मुंगेली। मुंगेली जिला में आम जनता की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए नई डायल 112 सेवा वाहनों का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर परिसर मुंगेली में आयोजित कार्यक्रम में विधायक पुन्नू लाल मोहले, जिला कलेक्टर कुंदन कुमार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने हरी झंडी दिखाकर 112 सेवा वाहनों को जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेशभर में इमरजेंसी रिस्पांस व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कुल 400 अत्याधुनिक 112 वाहनों को तैयार किया गया है। इन वाहनों में आधुनिक कैमरा, डैश कैमरा, जीपीएस डिवाइस, मोबाइल डाटा टर्मिनल और स्मार्ट मोबाइल फोन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसी क्रम में मुंगेली जिले को भी नए 112 वाहन प्राप्त हुए हैं।
एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि नई 112 सेवा से पुलिस प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा और आम नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना, अप्रिय घटना, अत्याचार निवारण या किसी भी इमरजेंसी स्थिति में डायल 112 आम जनता की मदद के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर भी चर्चा की तथा जनता को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर पांडे, महिला मोर्चा की अमृता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, किसान मोर्चा के वीरेंद्र गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
नई डायल 112 सेवा शुरू होने पर जिलेवासियों ने खुशी जताते हुए इसे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।